जौनपुर
सर्पदंश से महिला समेत दो की मौत
बरसठी में बच्ची को दूध पिला रही महिला बनी शिकार, मछलीशहर में बिस्तर पर सो रहे युवक की गई जान
जौनपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विषधर के डसने से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। बरसठी क्षेत्र में दो माह की बच्ची को स्तनपान करा रही 29 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया, जबकि मछलीशहर में बिस्तर पर सो रहे 32 वर्षीय युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बच्ची को दूध पिलाते समय महिला को डसा
बरसठी। थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी पंकज गौतम की पत्नी रीना गौतम (29) शुक्रवार दोपहर घर में अपनी दो माह की बच्ची को स्तनपान करा रही थीं। इसी दौरान सांप ने उनके पैर में डस लिया। जानकारी होते ही परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक घर में सांप मौजूद था। सूचना पर पहुंचे सर्प मित्र ने काफी मशक्कत के बाद सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। परिजन महिला को झाड़-फूंक के लिए भी कई स्थानों पर ले गए, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। शनिवार सुबह घर लौटने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रीना के पीछे चार वर्षीय रिया, दो वर्षीय प्रिया और दो माह की दूधमुंही बच्ची हैं। मां की मौत से तीनों बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
बिस्तर पर सो रहे युवक को डसा
मछलीशहर। बसढुवा गांव में शुक्रवार रात बिस्तर पर सो रहे कल्पनाथ बिंद (32) को सांप ने डस लिया। कुछ देर बाद नींद खुलने पर उन्होंने परिजनों को सर्पदंश की जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी मातम पसरा है।
