भदोही
मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
भदोही पुलिस ने गांवों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया अभियान, हेल्पलाइन और आत्मरक्षा की दी जानकारी
भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के द्वितीय चरण के तहत जनपद भदोही में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों और मंदिरों में चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा पर किया जागरूक
अभियान के दौरान छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच की पहचान, महिला संबंधी अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ या किसी भी प्रकार की उत्पीड़न की घटना होने पर महिलाएं बिना डर के तत्काल पुलिस से संपर्क करें और कानूनी सहायता लें।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन, 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और परिवार व समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया। अभियान के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास का वातावरण मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
