बलिया
व्यापारी नेता इकबाल अंसारी ने उमाशंकर सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कहा- व्यापारी समाज ने अपना सच्चा हितैषी खो दिया, जनसेवा के कार्य हमेशा रहेंगे याद
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा के वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं समाजसेवी इकबाल अंसारी ने क्षेत्रीय विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार देर शाम उनके पैतृक गांव खनवर पहुंचे इकबाल अंसारी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर खिराज-ए-अकीदत पेश की तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने दिवंगत विधायक के प्रति जनस्नेह को दर्शाया।
‘व्यापारियों के हर संघर्ष में साथ खड़े रहते थे’
इकबाल अंसारी ने अपने शोक संदेश में कहा कि उमाशंकर सिंह केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि गरीबों, व्यापारियों और जरूरतमंदों के सच्चे हितैषी थे। व्यापारियों की किसी भी समस्या पर वह हमेशा मजबूती से उनके साथ खड़े रहते थे। उनका निधन केवल रसड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद और व्यापारी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
जनसेवा और विकास कार्यों को किया याद
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह का सरल व्यक्तित्व, संघर्षशील नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। क्षेत्र के विकास, व्यापारियों के हितों की रक्षा और आमजन की सेवा के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इकबाल अंसारी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
