भदोही
सेमराधनाथ धाम से निकली भव्य पालकी यात्रा का गोपीगंज में हुआ स्वागत
श्रावण मास में शिवभक्तों ने पुष्पवर्षा व आरती कर किया अभिनंदन, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नगर
गोपीगंज (भदोही)। काशी और प्रयाग के मध्य स्थित प्रसिद्ध सेमराधनाथ धाम से श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान शिव की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। विभिन्न गांवों से होकर गोपीगंज पहुंची इस यात्रा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और पूजन के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे नगर में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
30 किलोमीटर की यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
घंटा-घड़ियाल, ढोल और मृदंग की मधुर ध्वनि के बीच विकासखंड डीघ स्थित सेमराधनाथ धाम से निकली पालकी यात्रा लगभग 30 किलोमीटर का भ्रमण करते हुए कौलापुर के रास्ते गोपीगंज पहुंची। इसके बाद यात्रा मीरजापुर रोड होते हुए पुनः अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पालकी का स्वागत कर दर्शन-पूजन किया।
धर्म के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
मंदिर के प्रमुख पुजारी राम प्रसाद पांडेय और सूर्यकांत पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन में शामिल होना सौभाग्य की बात है और धर्म के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति जीवन में सदैव सफल होता है। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष रामबली सिंह, देवेश पांडेय, अमलदार सिंह, राजकुमार सिंह, ग्राम प्रधान विवेक सिंह, अजीत सिंह, बनारसी सिंह, ठाकुरई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
