Connect with us

बलिया

हरिशंकर प्रसाद विधि महाविद्यालय में नवप्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत

Published

on

Loading...
Loading...

फ्रेशर समारोह में विद्यार्थियों को दिए सफलता और संवैधानिक मूल्यों के मंत्र

चितबड़ागांव (बलिया)। हरिशंकर प्रसाद विधि महाविद्यालय में बी.ए. एलएल.बी. के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘फ्रेशर टी-शर्ट एवं परिचय समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. हंसराज तिवारी, संस्थापक प्रबंधक प्रो. धर्मात्मानंद, प्राचार्य डॉ. मो. शौकत खान तथा प्रबंध निदेशक हं. बुगारानंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विधि शिक्षा से न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव

मुख्य अतिथि डॉ. हंसराज तिवारी ने कहा कि विधि शिक्षा समाज में न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अध्ययन करने का आह्वान किया।

नैतिक विधि विशेषज्ञ तैयार करना महाविद्यालय का लक्ष्य

संस्थापक प्रबंधक प्रो. धर्मात्मानंद ने संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं, करियर की संभावनाओं और व्यावसायिक नैतिकता पर प्रकाश डाला। वहीं, प्राचार्य डॉ. मो. शौकत खान ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल कानून की शिक्षा देना नहीं, बल्कि ऐसे संवेदनशील और नैतिक विधि विशेषज्ञ तैयार करना है, जो राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

पूर्व छात्रों ने भी साझा किए अनुभव

समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों और पूर्व छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए नवप्रवेशी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन अभय कुमार श्रीवास्तव ने किया और उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा दी। अंत में प्रो. धर्मात्मानंद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page