बलिया
मत्स्य पालन विभाग की सात योजनाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
अब 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन, लाभार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील
बलिया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मत्स्य पालन विभाग की विभिन्न राज्य सेक्टर योजनाओं में आवेदन करने वाले इच्छुक लाभार्थियों को राहत मिली है। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त से बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 कर दी है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य पालक विकास अभिकरण) विकास कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आवेदन की समय-सीमा बढ़ाई गई है।
इन योजनाओं में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य सशक्तिकरण परियोजना (जलाशयों में केज स्थापना), अंतर्देशीय खारे जल में तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
इच्छुक लाभार्थियों को विभागीय पोर्टल पर प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पूर्व में निरस्त या प्रतीक्षारत श्रेणी के आवेदक भी पुनः आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने बताया कि विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए कार्यदिवसों में मत्स्य पालक विकास अभिकरण, बनकटा (बलिया) कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
