बलिया
सैदनाथ बाबा मंदिर में मंगलसूत्र चोरी का खुलासा
बिहार की महिला गिरफ्तार
दो मंगलसूत्र और 650 रुपये बरामद, मंदिर मेले में श्रद्धालुओं को बनाया था निशाना
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कोतवाली पुलिस ने सैदनाथ बाबा मंदिर में श्रद्धालु महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए बिहार की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो मंगलसूत्र और 650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 4 अगस्त 2026 को मंदिर में दर्शन के दौरान मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घोघा चट्टी के पास से मुन्नी देवी (42), पत्नी पिंटू चौधरी, निवासी चौसा, जिला बक्सर (बिहार) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने 3 अगस्त को सैदनाथ बाबा मंदिर में दर्शन के दौरान तीन महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी किए थे। आरोप है कि उनमें से एक मंगलसूत्र उसने मेले में ही किसी अज्ञात महिला को 2,000 रुपये में बेच दिया, जबकि शेष आभूषण बेचने के लिए बलिया जा रही थी, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
