बलिया
डीएलएसए सचिव ने गड़वार वृद्धाश्रम का किया औचक निरीक्षण
वृद्धजनों की समस्याएं सुनीं, स्वास्थ्य शिविर और निःशुल्क कानूनी सहायता के दिए निर्देश
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने बुधवार को गड़वार स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धजनों के रहन-सहन, भोजन व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। स्वास्थ्य समस्याएं सामने आने पर उन्होंने आश्रम अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिला चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर वृद्धजनों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा अस्थि रोग विशेषज्ञों के विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कराया जाए।
उन्होंने आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
इसके बाद आयोजित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में चन्द्र प्रकाश तिवारी ने ‘माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007’, वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा वृद्धावस्था पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर लेखाकार भूपेन्द्र सिंह, स्टोर कीपर तेजबहादुर, केयर टेकर मुकेश सिंह, दयाशंकर वर्मा सहित आश्रम के कर्मचारी और वृद्धजन उपस्थित रहे।
