भदोही
स्कूल में पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान
400 छात्रों को किया जागरूक
डिजिटल फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय, साइबर हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी
भदोही। जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को थाना ऊंज क्षेत्र स्थित मनवासा विद्या पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
450 लोगों ने लिया जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा
साइबर थाना पुलिस टीम ने विद्यालय के 400 छात्र-छात्राओं और 50 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इन साइबर ठगी के तरीकों से किया सावधान
पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस या सीबीआई बनकर धमकाने, बैंक केवाईसी अपडेट के नाम पर ओटीपी और यूपीआई पिन मांगने, ऑनलाइन निवेश, टेलीग्राम टास्क, पार्ट-टाइम जॉब, फर्जी कूरियर कॉल, सेक्सटॉर्शन, क्यूआर कोड स्कैन और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी दी।
संदिग्ध कॉल और लिंक से रहें सावधान
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों और शिक्षकों को सलाह दी कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम नंबर, सीवीवी या यूपीआई पिन साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और लालच या भय पैदा करने वाले संदेशों पर विश्वास न करें।
साइबर हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही एमआरएम (MRM) और जीआरएम (GRM) पोर्टल की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में निरीक्षक विजय कुमार गुप्ता (प्रभारी साइबर थाना), कांस्टेबल कन्हैया सिंह, प्रभात त्रिपाठी, महिला कांस्टेबल शालिनी सिंह, मुख्य आरक्षी आशीष सौरभ और महिला कांस्टेबल नेहा उपस्थित रहीं।
