Connect with us

भदोही

गिराई प्रवेश मार्ग की बैरिकेडिंग से कांवड़िये हो रहे भ्रमित

Published

on

Loading...
Loading...

‘कांवड़िया मार्ग’ बोर्ड और बंद प्रवेश मार्ग से सुरक्षित रूट का नहीं मिल रहा लाभ, स्थानीय लोगों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

गोपीगंज (भदोही)। सावन माह में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बनाई गई यातायात व्यवस्था अब भ्रम की वजह बनती नजर आ रही है। गिराई पड़ाव के पास नगर के प्रवेश मार्ग पर बैरिकेडिंग और हाईवे पर लगे “कांवड़िया मार्ग” के बोर्ड के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालु सही मार्ग नहीं समझ पा रहे हैं और सीधे हाईवे से आगे निकल जा रहे हैं।

सुरक्षित मार्ग का नहीं हो पा रहा उपयोग

जिला एवं पुलिस प्रशासन ने गोपीगंज नगर में भीड़ कम करने के उद्देश्य से प्रयागराज-वाराणसी हाईवे की उत्तरी लेन को कांवड़ियों के लिए आरक्षित किया है। इसके तहत गिराई पड़ाव से वाराणसी की ओर जाने वाले मार्ग को कांवड़ मार्ग घोषित किया गया है। हालांकि नगर के प्रवेश मार्ग पर बैरिकेडिंग होने से अधिकांश श्रद्धालु नगर में प्रवेश ही नहीं कर पा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण सुरक्षित बनाए गए मार्ग का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी नगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बैरिकेडिंग खोल-बंद कर रहे हैं, जबकि उसी मार्ग पर ऑटो, बाइक और कारों का भी आवागमन जारी है।

व्यापारियों ने व्यवस्था में सुधार की मांग की

व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने कहा कि पूर्व में कांवड़िये नगर स्थित बाबा बड़े शिव धाम सहित अन्य मंदिरों में जलाभिषेक और विश्राम करने के बाद काशी की ओर प्रस्थान करते थे। वर्तमान व्यवस्था के कारण श्रद्धालु नगर में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं, जिससे धार्मिक गतिविधियों के साथ स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

Advertisement

स्पष्ट संकेतक लगाने की मांग

कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भ्रम की स्थिति दूर करने के लिए मार्ग पर स्पष्ट दिशा-निर्देश और संकेतक लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित मार्ग का उपयोग कर सकें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page