बलिया
संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत: संजय यादव
समरसता रथयात्रा के स्वागत में जन चौपाल, सामाजिक समरसता और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने पर जोर
सिकंदरपुर (बलिया)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत बुधवार को पूर गांव में समरसता रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित जन चौपाल में पूर्व विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव ने संत रविदास के विचारों को समाज के लिए आज भी प्रासंगिक बताया।
समता और सामाजिक न्याय का दिया संदेश
जन चौपाल को संबोधित करते हुए संजय यादव ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समता, सामाजिक समरसता, सद्भाव और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को एकता और भाईचारे की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, विकास और सहभागिता सुनिश्चित करना सभी का दायित्व है।
जनसेवा के संकल्प को बताया प्राथमिकता
उन्होंने ग्रामीणों के स्नेह और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का सहयोग और समर्थन जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान भी किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
समरसता रथयात्रा के स्वागत और जन चौपाल कार्यक्रम में गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
