आजमगढ़
कर्तव्य में लापरवाही पर उपनिरीक्षक निलंबित
लूट और डकैती के मुकदमों की विवेचना में शिथिलता व अनुशासनहीनता पर एसएसपी ने की कार्रवाई
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में थाना पवई में तैनात एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गंभीर मुकदमों की विवेचना में नहीं दिखी सक्रियता
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना पवई में तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) ओमप्रकाश मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने लूट के एक गंभीर मुकदमे, जिसे बाद में डकैती की धारा में परिवर्तित किया गया, सहित कई मामलों की विवेचना के दौरान उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश देने के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया। साथ ही मुकदमों के निस्तारण में भी अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई।
आमजन से दुर्व्यवहार का भी आरोप
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उपनिरीक्षक पर क्षेत्र भ्रमण, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान आम लोगों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने तथा पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का भी आरोप है। प्रथम दृष्टया इन आरोपों को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने विभागीय जांच के दिए आदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने के आदेश दिए हैं।
पुलिसकर्मियों को दी गई सख्त चेतावनी
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
