भदोही
सर्व समाज जनहित पार्टी की बैठक में जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तय
25 अगस्त को जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान, 15 अगस्त को ध्वजारोहण का निर्णय
भदोही। सर्व समाज जनहित पार्टी (ससजपा) की आवश्यक बैठक मंगलवार को नारायण कटरा स्थित कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनहित एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
नीट पेपर लीक मामले पर जताया विरोध
बैठक में नीट पेपर लीक मामले में कथित अनियमितताओं की निंदा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की। साथ ही जनहित के मुद्दों पर आंदोलन को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

गीता को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करने की मांग
बैठक में केंद्र सरकार से श्रीमद्भगवद्गीता को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करने तथा इसे देशभर के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की गई। वक्ताओं का कहना था कि इससे समाज में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलेगा और सामाजिक समरसता मजबूत होगी।
15 अगस्त को ध्वजारोहण, 25 अगस्त को दिल्ली में धरना
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर धूमधाम से तिरंगा फहराया जाएगा, जिसमें सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। वहीं 25 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर लोक कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला अध्यक्ष सिंटू शुक्ला, राष्ट्रीय महासचिव श्यानारायण प्रजापति, राष्ट्रीय सचिव कैसर खान, घनश्याम कौशल, वारिश शेख, सलमान, प्रमोद कुमार, धीरेन्द्र कन्नौजिया, मिट्ठू कुमार, रमेश, रामबाबू सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
