वाराणसी
8 अगस्त को प्रयागराज में होगा ऐतिहासिक ‘छात्रों की गूंज’ सम्मेलन : अजय राय
राहुल गांधी के समक्ष छात्र-युवा रखेंगे शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक से जुड़े मुद्दे, लाखों युवाओं के शामिल होने का दावा
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच और राशन कोटेदारों की मांगों पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को अपने वाराणसी स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि आगामी 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाला “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने दावा किया कि इस सम्मेलन में प्रदेशभर से लाखों छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी, शोधार्थी और बेरोजगार युवा भाग लेंगे तथा अपनी समस्याओं को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे।
युवाओं के अधिकारों की आवाज बनेगा सम्मेलन
अजय राय ने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई थी, जिसके बाद देहरादून में भी इसे व्यापक समर्थन मिला। अब प्रयागराज में इसका सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल जनसभा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसी समस्याओं के खिलाफ युवाओं का लोकतांत्रिक मंच होगा।
पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रिक्त पदों पर नियुक्ति में देरी और बढ़ती बेरोजगारी से परेशान है। कांग्रेस इन मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रही है और आगे भी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
पत्रकार वार्ता में अजय राय ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था सर्वोपरि है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच केवल निचले स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि संबंधित सभी जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
राशन कोटेदारों की समस्याएं भी उठाईं
अजय राय ने प्रदेश के राशन कोटेदारों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सरकार उनकी लंबे समय से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने समय पर कमीशन भुगतान, कमीशन में वृद्धि, परिवहन व्यय तथा अन्य व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए सरकार से कोटेदारों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
हर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, व्यापारियों और राशन कोटेदारों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और छात्र संगठनों से 8 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
