बलिया
सावन की पहली सोमवारी पर त्रिकालपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब
हाथी-घोड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
अभिषेकात्मक महारुद्र यज्ञ का शुभारंभ, 11 अगस्त को पूर्णाहुति और विशाल भंडारा
गड़वार (बलिया)। सावन की पहली सोमवारी पर गड़वार क्षेत्र के ग्रामसभा त्रिकालपुर में धार्मिक आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। अभिषेकात्मक महारुद्र यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर हाथी-घोड़ों, गाजे-बाजे और श्रद्धालुओं की विशाल सहभागिता के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई।
शिव मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
कलश यात्रा त्रिकालपुर शिव मंदिर से प्रारंभ होकर खड़ीचा स्थित भवानी माता मंदिर, काली माता मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर तथा फेफना रोड से होते हुए पुनः शिव मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलभरी की और पूरे मार्ग पर “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे धार्मिक अनुष्ठान
यज्ञ आयोजन के तहत 4 अगस्त को पंचांग पूजन, 5 अगस्त को बेदी पूजन, अरणी मंथन और हवन का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं 11 अगस्त को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
आयोजन में यज्ञाचार्य अमित शास्त्री, यज्ञाधीश कन्हैया दास, यज्ञ संरक्षक सियाराम दास तथा अयोध्या से पधारीं कथा वाचिका साध्वी साधना की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य यजमान के रूप में मनीष उपाध्याय ने अनुष्ठान संपन्न कराया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनीता सिंह, विवेक सिंह ‘पप्पू’, महेश उपाध्याय, अभिमन्यु सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
