Connect with us

बलिया

बीमार मां से मिलने आई महिला से मारपीट

Published

on

Loading...
Loading...

भाई-भाभी समेत तीन पर मुकदमा

बैरिया पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दर्ज किया केस, मामले की जांच शुरू

बैरिया (बलिया)। थाना बैरिया क्षेत्र के चांददियर चौकी अंतर्गत बकुलहा गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उसके भाई, भाभी और भतीजे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मां का हाल जानने पहुंची थी महिला

पुलिस के अनुसार, रानीगंज निवासी उषा देवी, पत्नी स्वर्गीय दिनेश यादव, ने तहरीर में बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह बकुलहा गांव स्थित मायके पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान उनके भाई राजदेव यादव, भाभी मुन्नी देवी और भतीजे अंकित यादव ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।

सिर पर हमला करने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि कहासुनी के दौरान आरोपियों ने उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। होश में आने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

Advertisement

उषा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहन और बीमार मां के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page