मिर्ज़ापुर
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, 200 से अधिक लोगों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
ब्रह्माकुमारीज़ और ‘मेरा युवा भारत’ मिलकर दो वर्षों तक चलाएंगे जनजागरूकता अभियान
मिर्ज़ापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत मिर्ज़ापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्रह्माकुमारीज़ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन बिंदु दीदी के मार्गदर्शन में हुआ।
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के शुभारंभ समारोह का लाइव वर्चुअल वेबकास्ट प्रदर्शित किया गया, जिसे जिले के 200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए आध्यात्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर जोड़कर जनजागरूकता बढ़ाना है।
नशा मुक्त भारत की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ की सामूहिक शपथ ली। शपथ समारोह जिला युवा कल्याण अधिकारी दिनेश तथा एमवाई भारत के जिला युवा अधिकारी प्रतीक साहू की उपस्थिति में संपन्न हुआ। दोनों अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
हर रविवार होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम में बताया गया कि ब्रह्माकुमारीज़ और मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) के संयुक्त तत्वावधान में आगामी दो वर्षों तक प्रत्येक रविवार को समाजहित से जुड़े विभिन्न जनजागरूकता एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं से नशा मुक्त भारत की शपथ लेने और अभियान से जुड़ने की अपील की गई।
