भदोही
‘फूट डालो, राज करो’ की नीति सफल नहीं होने देंगे: प्रदीप यादव
सपा की मासिक बैठक में छात्रों के उत्पीड़न पर जताया आक्रोश, आंदोलन की दी चेतावनी
ज्ञानपुर (भदोही)। समाजवादी पार्टी की जिला इकाई की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट कंसापुर ज्ञानपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने की। इस दौरान छात्रों के कथित उत्पीड़न, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि यदि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद छात्रों की गिरफ्तारी की जाती है या समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जाता है तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर संघर्ष करेंगे।
पूर्व मंत्री के कार्यक्रमों की बनाई गई रणनीति
बैठक में पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव राम आश्रय विश्वकर्मा के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 6 अगस्त को औराई व ज्ञानपुर तथा 7 अगस्त को भदोही विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रदीप यादव ने कहा कि कुछ सत्ताधारी लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा “फूट डालो और राज करो” की नीति अपनाई जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
बैठक का संचालन ह्रदय नारायण प्रजापति ने किया। इस अवसर पर कल्लन यादव, संतोष यादव, जमील अंसारी, लालचंद बिंद, अंजनी शुक्ल, केशनारायण यादव, सलाउद्दीन अंसारी, राजेन्द्र दुबे, डॉ. पवन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
