Connect with us

भदोही

भदोही में बनेगा आधुनिक कृषि भवन और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला

Published

on

Loading...
Loading...

सांसद डॉ. विनोद बिंद और डीएम शैलेष कुमार ने किया भूमि पूजन, किसानों को मिलेंगी एक ही परिसर में कृषि सुविधाएं

भदोही। जनपद में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्ट्रेट सरपतहा के पास प्रस्तावित कृषि भवन एवं मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा और जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

मृदा परीक्षण से किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक लाभ
सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि कृषि भवन और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण से जिले के किसानों को कृषि संबंधी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक मृदा परीक्षण सुविधा से किसान अपनी भूमि की गुणवत्ता के अनुसार फसल और उर्वरक का चयन कर सकेंगे, जिससे उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि तथा कृषि के आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Advertisement

4.87 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि प्रस्तावित कृषि भवन का निर्माण 487.64 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। भवन में भूतल और प्रथम तल का निर्माण होगा। इसके अलावा सभागार, कार्यालय कक्ष, गैराज, स्टोर, बाउंड्री वॉल, सीसी रोड और सोलर ऊर्जा प्रणाली जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

डीएम ने कार्यदायी संस्था निर्माण एवं परिकल्प सेवाएं (सीएनडीएस) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

किसानों को मिलेगा आधुनिक कृषि सेवाओं का लाभ
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, उप कृषि निदेशक रामप्रवेश वर्मा, जिला कृषि अधिकारी इरम, भूमि संरक्षण अधिकारी अंशुमान मिश्रा, कृषक रामेश्वर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page