Connect with us

भदोही

स्वस्थ युवा से ही समृद्ध होगा देश: अनूप द्विवेदी

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही साइकिलिंग क्लब की जागरूकता यात्रा में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य का दिया संदेश

भदोही। मानव स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से जन-जागरूकता साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व पर्यावरण योद्धा और ‘साइकिल मैन भदोही’ अताउल मुस्तफा अंसारी ने किया।

साइकिल यात्रा को वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ा चौराहा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा पड़ाव, चकपरौना और जंगीगंज होते हुए मां शारदा धनराजी देवी इंटर कॉलेज दवनपुर पहुंची।

छात्रों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य अनूप द्विवेदी के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने साइकिल यात्रियों का पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पंचवटी के रूप में पांच पवित्र पौधों का रोपण भी किया गया।

प्रधानाचार्य अनूप द्विवेदी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जब युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होंगे, तभी देश तेजी से विकास करेगा। उन्होंने युवाओं से सूर्योदय से पहले उठकर योग-प्राणायाम करने और दैनिक जीवन में साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

Advertisement

साइकिल, योग और पौधरोपण का दिया संदेश
उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग बढ़ाने से ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण को भी संरक्षण मिलेगा। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने “साइकिल चलाएं, ईंधन बचाएं”, “वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ” और “करो योग, रहो निरोग” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

इसके बाद यात्रा कलनुआ, महुआरी, जंगीगंज, सराय जगदीश, बड़ागांव मोड़, जंगलपुर, बलीपुर और बघेलीपुर होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

इस जागरूकता अभियान में प्रवीण श्रीवास्तव, संजय पांडेय, सुधीर श्रीवास्तव, सत्यम मिश्रा, यश शुक्ला, राधिका केसरवानी सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page