बलिया
संपूर्ण समाधान दिवस में 209 शिकायतें, 23 का मौके पर निस्तारण
सीडीओ आलोक कुमार ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
सिकंदरपुर (बलिया)। तहसील सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
23 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
समाधान दिवस में कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 23 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। महिला अपराध से संबंधित मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने पर भी जोर दिया।
विभिन्न विभागों की शिकायतें आईं सामने
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. पद्मावती, एसडीएम प्रवीण यादव, बीडीओ विनोद कुमार बिंद, बीएसए मनीष सिंह, ईओ मनोज कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
