जौनपुर
निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
50 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया गुणवत्ता स्वीकार नहीं की जाएगी। अनियमितता या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्र और मंदिर निर्माण की गुणवत्ता जांच के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही त्रिलोचन महादेव मंदिर के विकास के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने तथा रासमंडल स्थित हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण, फिनिशिंग और हरित विकास कार्य को शीघ्र पूरा कराने को कहा।
स्टेडियम और साइबर थाना भवन की भी हुई समीक्षा
इंदिरा गांधी स्टेडियम की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने महिला शौचालय और स्विमिंग पूल को नियमित रूप से संचालित रखने तथा पूरे स्टेडियम के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। इसके अलावा साइबर थाना भवन के निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण कराने के भी आदेश दिए।
अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई नाराजगी
उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और उनके खिलाफ उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठकों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
शीतला चौकियां मंदिर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
शीतला चौकियां मंदिर के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा विभागीय परियोजनाओं की अलग से विस्तृत समीक्षा करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
