मध्य प्रदेश
कच्ची सड़क और कीचड़ से वार्डवासी परेशान, सीसी सड़क निर्माण की मांग तेज
बरसात में जलभराव से आवागमन बाधित, सड़क पर कचरा डाले जाने से लोगों में नाराजगी
दमोह (मध्यप्रदेश)। जनपद पंचायत पटेरा की ग्राम पंचायत पटना कुम्हारी अंतर्गत ग्राम रसुईया के वार्ड क्रमांक-10 में मुख्य सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोपाल विश्वकर्मा के घर से बल्ली बंसल के घर तक जाने वाला कच्चा मार्ग बरसात में कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार फिसलन के कारण कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
कई बार आवेदन के बाद भी नहीं हुआ निर्माण
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के पक्कीकरण के लिए कई बार ग्राम पंचायत में मौखिक और लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
सड़क पर कचरा डालने से बढ़ी परेशानी
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि बरसात के दौरान गांव से निकाला गया कचरा और गंदगी इसी कच्ची सड़क पर प्रकाश नामदेव के घर के पास डाल दी गई, जिससे आवागमन और अधिक मुश्किल हो गया। लोगों का कहना है कि सड़क की व्यवस्था सुधारने के बजाय इससे परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पंचायत अधिकारियों से कच्चे मार्ग पर शीघ्र सीसी सड़क का निर्माण कराने तथा सड़क पर डाली गई गंदगी को तत्काल हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह मार्ग दुर्घटना का कारण बन रहा है, इसलिए जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।
