बलिया
रसड़ा-मऊ मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, हादसों का बढ़ा खतरा
सरोज रॉयल एकेडमी और पानी टंकी मोड़ के पास सड़क बदहाल, राहगीरों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा-मऊ मार्ग पर सरोज रॉयल एकेडमी के निकट और पानी टंकी मोड़ के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। सड़क के दोनों तरफ बने इन गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रसड़ा-मऊ मार्ग महत्वपूर्ण एवं व्यस्त संपर्क मार्ग है। यहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन होता है। तेज रफ्तार से आ रहे वाहन चालकों को अचानक गड्ढे दिखाई देने पर ब्रेक लगाना या वाहन मोड़ना पड़ता है। इससे वाहन अनियंत्रित होने के साथ दूसरे वाहनों से टकराने का भी खतरा बना रहता है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से अपरिचित वाहन चालकों के लिए स्थिति अधिक खतरनाक है। कई बार दोपहिया वाहन सवार गड्ढों की चपेट में आकर गिर चुके हैं, जबकि चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से सड़क पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यहां कोई गंभीर हादसा हो सकता है। व्यस्त मार्ग होने के कारण इसकी मरम्मत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
