Connect with us

भदोही

जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण मेरी प्राथमिकता : एसडीएम अरुण दीक्षित

Published

on

Loading...
Loading...

ज्ञानपुर के नवागत एसडीएम ने संभाला कार्यभार, राजस्व कर्मियों को पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

ज्ञानपुर (भदोही)। सदर तहसील ज्ञानपुर के नवागत उपजिलाधिकारी अरुण दीक्षित ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। फरियादियों को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम अरुण दीक्षित ने तहसील सभागार में राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया कि पुरानी कार्यशैली को छोड़कर पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध व्यवस्था के अनुरूप काम करें। लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम ने विशेष रूप से भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए सभी राजस्व कर्मचारियों को टीम भावना के साथ काम करना होगा।

Advertisement

गैर जनपद से स्थानांतरित होकर आए अरुण दीक्षित को सदर तहसील ज्ञानपुर का उपजिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, यहां पूर्व में तैनात एसडीएम भान सिंह का स्थानांतरण न्यायिक उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर के पद पर किया गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page