भदोही
मिशन शक्ति 5.0 के तहत भदोही पुलिस का जागरूकता अभियान
‘ऑपरेशन मजनू’ चलाकर बढ़ाई सुरक्षा
महिलाओं और छात्राओं को हेल्पलाइन, कानूनी अधिकार एवं साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
भदोही। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत भदोही पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और पार्कों के आसपास ‘ऑपरेशन मजनू’ अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी भी दी और महिलाओं को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से जुड़े उनके कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने उन्हें किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
भदोही पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना तथा महिला सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
