बलिया
वशिष्ठ नारायण सेवा ट्रस्ट ने सैकड़ों विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री
कॉपी, किताब, पेन और पेंसिल पाकर खिले बच्चों के चेहरे, शिक्षा को बताया समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम
पूर्व चेयरमैन वशिष्ठ नारायण सोनी बोले- आर्थिक अभाव किसी बच्चे की पढ़ाई में नहीं बनेगा बाधा
रसड़ा (बलिया)। वशिष्ठ नारायण सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में गुरुवार को रसड़ा कस्बे के खरहवा इनार स्थित प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-5 में अध्ययनरत सैकड़ों विद्यार्थियों के बीच कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के संस्थापक एवं आदर्श नगर पालिका परिषद रसड़ा के पूर्व चेयरमैन वशिष्ठ नारायण सोनी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को अपने हाथों से शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
“शिक्षा सबसे बड़ी संपत्ति”
इस अवसर पर वशिष्ठ नारायण सोनी ने कहा कि “शिक्षा वह अमूल्य संपत्ति है, जिसे कोई छीन नहीं सकता। एक शिक्षित बच्चा केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य को संवारता है।” उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल शैक्षणिक सामग्री बांटना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति यदि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करे तो एक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। साथ ही ट्रस्ट भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
विद्यालय परिवार ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में पूर्व सभासद मुनव्वर अली, श्याम कृष्ण गोयल, पुनीत अग्रवाल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
