भदोही
सेंट थॉमस स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, छात्र मंत्रिमंडल ने ली शपथ
एडीएम शुभांगी शुक्ला बोलीं- अनुशासन, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी
नीट-जेईई एडवांस्ड के सफल विद्यार्थियों को किया सम्मानित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा समारोह
ज्ञानपुर (भदोही)। सेंट थॉमस स्कूल, ज्ञानपुर में बुधवार को मेधावी छात्र सम्मान समारोह एवं छात्र मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में नीट एवं जेईई एडवांस्ड-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि नवगठित छात्र मंत्रिमंडल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर विद्यालय में अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (एडीएम) शुभांगी शुक्ला रहीं। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पालसन फिलिप द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत तथा उपप्रधानाचार्या द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
मेधावियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान नीट और जेईई एडवांस्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार ने इन छात्रों की उपलब्धियों को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं : एडीएम
मुख्य अतिथि शुभांगी शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, स्वस्थ दिनचर्या और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी।
शिक्षा का उद्देश्य व्यक्तित्व निर्माण : प्रधानाचार्य
विद्यालय के प्रधानाचार्य पालसन फिलिप ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों के विकास की प्रक्रिया है। उन्होंने छात्रों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से सफलता हासिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अर्चिता मैम ने किया, जबकि अंत में शिक्षक कपिल मुनि तिवारी ने मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह उत्साह, अनुशासन और प्रेरणादायक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
