बलिया
नगर पालिका में फर्जी हाजिरी का आरोप, भाजपा नेता ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
वार्डों में कम मिले सफाई कर्मचारी, अभिलेखों में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज होने का दावा
राजस्व की क्षति का आरोप, मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग
बलिया। नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नगर महामंत्री एवं नगर पालिका सदस्य रवी वर्मा ने जिलाधिकारी और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संत लाल उर्फ मिठाई लाल गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
रवी वर्मा का कहना है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद नगर की सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वार्डों में सफाई कर्मचारियों की वास्तविक संख्या और अभिलेखों में दर्ज उपस्थिति में अंतर है।
निरीक्षण में कम कर्मचारी मिलने का दावा
ज्ञापन के अनुसार, 27 जुलाई को किए गए निरीक्षण में वार्ड संख्या-6 में तैनात 13 सफाई कर्मचारियों में केवल पांच कर्मचारी कार्य करते मिले। वहीं वार्ड संख्या-7 में 18 कर्मचारियों के सापेक्ष आठ कर्मचारी ही मौके पर उपस्थित पाए गए। रवी वर्मा का दावा है कि इसके बावजूद सरकारी अभिलेखों में दोनों वार्डों के सभी कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज थी।
जांच और कार्रवाई की मांग
रवी वर्मा ने आशंका जताई कि नगर के अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार की स्थिति हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कागजों पर फर्जी उपस्थिति दर्ज कर वेतन का भुगतान किया जा रहा है तो इससे सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए, यदि आरोप सही पाए जाएं, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
