आजमगढ़
शिवालिक हॉस्पिटल में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का सम्मान
ग्रामीण मरीजों के लिए निःशुल्क वाहन सेवा की घोषणा
रक्तदान शिविर का उद्घाटन, मणिपाल विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. शौर्य विक्रम सिंह हुए सम्मानित
आजमगढ़। शहर स्थित शिवालिक हॉस्पिटल में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह एवं डॉ. शौर्य विक्रम सिंह के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान
अपने संबोधन में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने संगठन को मजबूत बनाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने हॉस्पिटल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील भी की।
ग्रामीण मरीजों को मिलेगी निःशुल्क वाहन सुविधा
कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की सुविधा के लिए निःशुल्क वाहन सेवा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि रौनापार, भीमबर, चांदपट्टी, बिलरियागंज, पकवा इनार, जीयनपुर, पटवध सरैया सहित आसपास के क्षेत्रों से मरीजों को घर से अस्पताल लाने और उपचार के बाद सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
गोल्ड मेडलिस्ट चिकित्सक का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान मणिपाल विश्वविद्यालय, बेंगलुरु से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. शौर्य विक्रम सिंह को सम्मानित किया गया। मां मुन्नी देवी शिक्षण सेवा संस्थान के सचिव एवं बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट अखिलेश कुमार सिंह ने उन्हें सम्मान-पत्र, अंगवस्त्र और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि को जनपद के लिए गौरव का विषय बताया।
कई जनप्रतिनिधि और चिकित्सक रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पी.पी. राय, श्रीकृष्ण पाल, अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’, सत्येंद्र राय, ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव, डॉ. पूनम सिंह, मालती सिंह, रूद्रप्रकाश राय, श्याम नारायण सिंह, डॉ. भक्त वत्सल, रामपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश तिवारी ने किया।
