मिर्ज़ापुर
गड़बड़ाधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां शीतला के दरबार में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका माथा
पर्व पार्वती व्रत पर सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतार, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की मांगी कामना
मंगला आरती के बाद खुले कपाट, सीसीटीवी निगरानी में संपन्न हुए दर्शन-पूजन
मिर्ज़ापुर। हलिया क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गड़बड़ाधाम में सोमवार को आषाढ़ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी एवं पर्व पार्वती व्रत के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर जयकारों और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से भक्तिमय बना रहा।
भोर से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें
भोर करीब चार बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मां शीतला को फूल-माला, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर दर्शन-पूजन किया। बड़ी संख्या में नवविवाहित दंपतियों ने भी मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भीषण गर्मी भी नहीं डिगा सकी आस्था
तेज धूप और उमस के बावजूद दूर-दराज के गांवों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गड़बड़ाधाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और मां शीतला के जयकारों से पूरा धाम गूंजता रहा।
20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मंदिर के पुजारी पवन तिवारी ने बताया कि दिनभर में लगभग 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन किए। वहीं, मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ला ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, दर्शन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
