बलिया
‘मन की बात’ कार्यक्रम में बैरिया के विकास से जुड़े मुद्दे उठे
भाजपा नेता सीवी मिश्रा ने पशु औषधि केंद्र, पशु दाह गृह और क्षेत्रीय विकास की मांग रखी
कार्यकर्ताओं का किया सम्मान, सामाजिक-सांस्कृतिक प्रस्तावों पर भी हुई चर्चा
रामगढ़ (बलिया)। मदर टेरेसा कन्वेंट स्कूल, पचरुखिया में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण सुना। कार्यक्रम में बैरिया विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता सीवी मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र के विकास और जनभावनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए।
अपने संबोधन में सीवी मिश्रा ने कहा कि जन औषधि केंद्र की तर्ज पर पशु औषधि केंद्र और मृत पशुओं के सम्मानजनक निस्तारण के लिए पशु दाह गृह की स्थापना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे पशुपालकों को सुविधा मिलने के साथ स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।
उन्होंने सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर भी कई सुझाव रखे। इनमें सम्राट अशोक की जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने, बैरिया स्थित रविदास मंदिर के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने, इब्राहिमाबाद का नाम बदलकर ‘सुदिष्ट धाम’ करने तथा बहुआरा गांव को ‘स्वतंत्रता सेनानी गांव’ घोषित करने की मांग प्रमुख रही।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुकेश प्रजापति, अनिल सिंह, शिवानंद दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
