बलिया
छात्र संघर्ष की जीत पर सपा युवजन सभा ने लगाए पोस्टर
नगर विधानसभा क्षेत्र में छात्र आंदोलन की सफलता का जश्न, अरविंद गिरि बोले- युवाओं की आवाज़ बनी बदलाव की ताकत
‘जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर ज़माना चलता है’ के नारे के साथ छात्रों के संघर्ष को बताया ऐतिहासिक
बलिया। नगर विधानसभा क्षेत्र में छात्र संघर्ष की जीत के समर्थन में समाजवादी युवजन सभा की ओर से विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाए गए। इस दौरान युवाओं और छात्रों के संघर्ष को ऐतिहासिक बताते हुए संगठन ने इसे छात्र एकजुटता की बड़ी सफलता करार दिया।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि ने कहा कि “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर ज़माना चलता है।” उन्होंने कहा कि हालिया घटनाक्रम केवल किसी एक व्यक्ति के इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों के लंबे, निरंतर और संगठित संघर्ष की जीत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों द्वारा किए गए आंदोलन ने युवाओं की एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष की ताकत को पूरे देश के सामने रखा। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज़ ने व्यवस्था को अपनी बात सुनने के लिए मजबूर किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने पोस्टर लगाकर छात्र संघर्ष की जीत का स्वागत किया और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
