बलिया
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का सपा का संकल्प
सिकंदरपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन, विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
बूथ संगठन को चुनावी जीत की कुंजी बताया, भू-माफियाओं के मुद्दे पर सरकार पर साधा निशाना
सिकंदरपुर (बलिया)। जनता इंटर कॉलेज, नवानगर में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। पूर्व प्रधान हरिशंकर सिंह की अध्यक्षता और रामजी यादव के संचालन में हुए सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके बूथ कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में विधायक ने क्षेत्र में भू-माफियाओं के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों की मिलीभगत से जमीनों पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी।
सम्मेलन के दौरान समाजवादी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. मदन राय, विवेक सिंह, अनंत मिश्रा, भीष्म यादव, आनंद मोहन सिंह, टुनटुन राय सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
