बलिया
बंद कमरे से नकदी और लाखों के गहने चोरी, गांव में दहशत
फेफना के भदौरा गांव में देर रात चोरों का धावा, खिड़की के रास्ते घर में घुसे बदमाश
सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
फेफना (बलिया)। फेफना थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने एक मकान में घुसकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राज बहादुर सिंह के अनुसार, शनिवार रात भोजन के बाद वह बरामदे में सो गए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य छत पर थे। इसी दौरान देर रात चोर घर के पीछे की खिड़की के रास्ते अंदर घुस गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और बक्से में रखी नकदी के साथ चार सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, झुमके तथा चांदी की पायल गायब थी।
परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। घटना के बाद परिवार के लोग सहमे हुए हैं और क्षेत्र के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है और जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है।
