बलिया
परिवहन मंत्री के आश्वासन पर समाप्त हुआ दियारांचल बचाओ आंदोलन का अनशन
सड़क मरम्मत और तटबंध निर्माण का मिला भरोसा, ग्रामीणों ने जताया आभार; नारेबाजी करने वालों पर कार्रवाई की मांग
मंत्री से वार्ता के बाद छह दिन से चल रहा अनशन समाप्त, वायरल वीडियो को लेकर ग्रामीणों ने अराजक तत्वों से पल्ला झाड़ा
बलिया। दियारांचल बचाओ आंदोलन के तहत शिवपुरी दीयर नंबरी स्थित पंचदेव मंदिर परिसर में चल रहा अनशन परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। आंदोलन के छठे दिन धरना स्थल पहुंचे मंत्री ने अनशनकारियों से बातचीत की और उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
सड़क और तटबंध निर्माण का दिया आश्वासन
धरना स्थल पर परिवहन मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि एक-दो दिनों के भीतर सड़क के जीर्णोद्धार का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाएगा। साथ ही बाढ़ से पहले ठोकर (तटबंध) निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त कर दिया गया और ग्रामीणों तथा महिलाओं ने उनका आभार व्यक्त किया। गांव में इस निर्णय के बाद खुशी का माहौल देखा गया।
वायरल वीडियो पर समाजसेवियों ने जताई आपत्ति
आयोजकों के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोगों ने धरना स्थल पर पहुंचकर मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। समाजसेवी कल्याण सिंह, विश्वजीत सिंह ‘गोलू’ और ब्रज किशोर पाण्डेय ने इस घटना की निंदा करते हुए दावा किया कि नारेबाजी करने वालों का अनशनकारियों से कोई संबंध नहीं है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
समाजसेवियों और ग्रामीणों का कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से वीडियो की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि ऐसे लोग क्षेत्र के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं।
ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर अनिल यादव, उमेश सिंह, मनोज प्रजापति, धीरज यादव, मालती देवी, पूनम, रूबी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
