आजमगढ़
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिक और वीर नारियां सम्मानित
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वीर जवानों के शौर्य को किया गया नमन
पूर्व सैनिकों ने साझा किए कारगिल युद्ध के अनुभव, युवाओं से राष्ट्रसेवा का किया आह्वान
आजमगढ़। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, आजमगढ़ में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके आश्रित शामिल हुए। इस दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
भारतीय सेना के पराक्रम का प्रतीक है कारगिल विजय दिवस
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर कुमार राजीव रंजन (अप्रा.) ने की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य पराक्रम, वीरता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशसेवा के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।
पूर्व सैनिकों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का हुआ सम्मान
समारोह में लेफ्टिनेंट कर्नल किशोर सिंह (अप्रा.), ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक आजमगढ़ के प्रभारी अधिकारी, नंदलाल यादव, रघुनाथ पांडेय, अंबिका पांडेय, सोतावर राम, जनन राम यादव और रामनयन सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
