जौनपुर
जलालपुर पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
लूटा गया मोबाइल, दो हजार रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
19 जुलाई को हाईवे पर हुई थी लूट, गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
जलालपुर (जौनपुर)। जलालपुर थाना पुलिस ने लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया टच स्क्रीन मोबाइल, दो हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जलालपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर असबरनपुर अंडरपास हाईवे पुलिया के पास से बसंत यादव उर्फ हनुमान और शिवांशु यादव उर्फ पतालू को गिरफ्तार किया।
हाईवे पर रोककर लूटा था मोबाइल और नकदी
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की रात छतारी पुलिया हाईवे पर मंसूर अली को तीन बाइक सवार बदमाशों ने रोककर उनका मोबाइल फोन, पर्स और आठ हजार रुपये नकद लूट लिए थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर जलालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म, तीसरे आरोपी की तलाश तेज
विवेचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, दो हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बसंत यादव उर्फ हनुमान के खिलाफ जौनपुर और गाजीपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विक्रमा प्रसाद, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल शिवाकांत पाठक, कांस्टेबल विमलेश कुमार, आरक्षी राहुल कुमार, आरक्षी विनय पटेल तथा होमगार्ड छेदी प्रसाद मिश्रा शामिल रहे।
