मिर्ज़ापुर
मानदेय की मांग पर पैरावेट और पशु चिकित्सा मित्र हड़ताल पर
टीकाकरण व कृत्रिम गर्भाधान सेवा ठप
लंबित भुगतान और निश्चित मानदेय की मांग, मांगपत्र सौंपकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जिगना। लंबित मानदेय के भुगतान और निश्चित मानदेय स्वीकृत किए जाने की मांग को लेकर पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्रों ने शुक्रवार से एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं का बहिष्कार शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण क्षेत्र में पशुपालकों को आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं।
आंदोलनरत पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्रों ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों को संबोधित मांगपत्र सौंपते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आरपार की लड़ाई का ऐलान किया। राजकीय पशु चिकित्सालय हरगढ़ के प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष सिंह को ज्ञापन देकर उन्होंने लंबे समय से लंबित मानदेय का भुगतान और कार्य के अनुरूप निश्चित मानदेय स्वीकृत करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 14 जुलाई 2025 को विभागीय मंत्री ने कार्य के अनुरूप मानदेय दिए जाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रमुख सचिव, पशुपालन द्वारा भी शासन को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्रों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक एफएमडी टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं का बहिष्कार जारी रहेगा।
प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष सिंह ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा सौंपा गया मांगपत्र उच्चाधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा।
इस दौरान कृष्ण कुमार, बबलू यादव, रामबाबू बिंद, राजकुमार, विष्णुकांत, सुधीर कुमार, रंजीत, प्रशांत सिंह, प्रवीण तोगड़िया, लवकुश सहित बड़ी संख्या में पैरावेट एवं पशु चिकित्सा मित्र मौजूद रहे।
