बलिया
सेंट जेवियर्स की पूर्व छात्रा मुस्कान दूबे का इनकम टैक्स विभाग में चयन
विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित, शिक्षकों ने बताया विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत
बेल्थरा रोड (बलिया)। सेंट जेवियर्स स्कूल, बेल्थरा रोड की पूर्व छात्रा मुस्कान दूबे का इनकम टैक्स एवं केंद्रीय विभाग में चयन होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। देवरिया जनपद के सजाव निवासी मुस्कान की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र ने कहा कि मुस्कान दूबे ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर प्रयास और अनुशासन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शीला मिश्र तथा वाइस प्रिंसिपल तनवीर फ़ातमा ने मुस्कान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मुस्कान दूबे का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी अपने उत्कृष्ट कार्यों से क्षेत्र, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
