बलिया
NH-31 पर बना जानलेवा गड्ढा, ग्रामीणों ने बांस-कपड़ा लगाकर किया राहगीरों को सतर्क
बैरिया बाजार में सड़क धंसने से बढ़ा हादसे का खतरा, जिलाधिकारी से मरम्मत की मांग
बैरिया (बलिया)। स्थानीय बाजार से होकर गुजरने वाले व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर इलाहाबाद बैंक शाखा के सामने सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया है। मुख्य मार्ग पर बने इस जानलेवा गड्ढे से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि रविवार को हुई कई घंटों की तेज बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे गड्ढे में पानी भर गया। रविवार से बुधवार तक कई बाइक और साइकिल सवार इस गड्ढे की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं।
हादसों को रोकने और राहगीरों को सचेत करने के लिए स्थानीय लोगों ने खुद पहल करते हुए गड्ढे के बीचों-बीच बांस लगाकर उस पर लाल कपड़ा बांध दिया है, ताकि दूर से ही वाहन चालक खतरे को देख सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग बेहद व्यस्त है, जहां हर समय ट्रक, बस, कार, ऑटो और दोपहिया वाहनों का आवागमन होता रहता है। सड़क पर गड्ढे के कारण वाहनों को किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति भी बन रही है।
बैरिया बाजार के निवासियों ने प्रशासन और जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
