Connect with us

बलिया

NH-31 पर गिट्टी लदा डंपर पलटा, घंटों जाम में फंसे राहगीर

Published

on

Loading...
Loading...

नसीराबाद के पास लगातार दूसरे हादसे से बढ़ा आक्रोश, सुरक्षा इंतजाम की मांग

फेफना (बलिया)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सागरपाली-नसीराबाद ग्रामसभा के पास बुधवार तड़के गिट्टी लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा उस समय हुआ जब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य के लिए गिट्टी लेकर जा रहा डंपर ओवरटेक करने के दौरान संतुलन खो बैठा।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन में फंस गया, जिसे मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

डंपर पलटने के कारण NH-31 पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, अभिभावकों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर करीब 15 दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले भी बिहार नंबर के गिट्टी लदे वाहन के पलटने की घटना हो चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

Advertisement

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) पर भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित की जाए, ओवरटेकिंग पर रोक लगाई जाए और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page