बलिया
गौरा मदनपुरा में हाईटेक फायर स्टेशन का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी सौगात
सिकंदरपुर, नगरा और बेल्थरारोड क्षेत्र के दर्जनों गांवों को मिलेगा लाभ, आपात स्थिति में तत्काल पहुंचेगी मदद
समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव के प्रयासों से वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, अधिकारियों ने बताया सुरक्षा के लिए अहम कदम
सिकंदरपुर (बलिया)। तहसील क्षेत्र के गौरा मदनपुरा में रविवार को नवनिर्मित अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य रूप से समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) राकेश सिंह, नगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र, फायर स्टेशन प्रभारी संजय कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
फायर स्टेशन के शुरू होने से सिकंदरपुर, नगरा, बेल्थरारोड सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सकेगी।
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं पर अब समय रहते नियंत्रण पाया जा सकेगा। इससे आगजनी की घटनाओं में होने वाले जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा और लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध हो सकेगी।
संतोष श्रीवास्तव के प्रयासों से पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग
गौरा मदनपुरा में फायर स्टेशन की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसे धरातल पर उतारने के लिए समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव ने भूमि आवंटन से लेकर प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कराने तक लगातार प्रयास किए।
उनके अथक प्रयासों का परिणाम है कि अब क्षेत्रवासियों को अत्याधुनिक अग्निशमन सुविधा मिल सकी है।
सुरक्षा और विकास की दिशा में बड़ा कदम
स्थानीय लोगों ने फायर स्टेशन की स्थापना को क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ग्रामीणों ने सरकार, प्रशासन और समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब आग लगने जैसी आपात घटनाओं में दमकल वाहन कम समय में मौके पर पहुंच सकेंगे और राहत कार्य तेजी से हो सकेगा।
