आजमगढ़
जमीनी विवाद में जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
दो लाठी व लोहे की रॉड बरामद, दो घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
आजमगढ़। थाना जहानागंज पुलिस ने जमीनी विवाद में दो लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मालती देवी, पत्नी गरीब यादव, निवासी ग्राम टेल्हुआ चकवली, थाना जहानागंज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर उनके 75 वर्षीय पति गरीब यादव और 35 वर्षीय पुत्र रामअशीष यादव पर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मामले की विवेचना के दौरान 15 जुलाई को उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना परिसर के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केदारनाथ यादव, रामअधार यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी, अनिल उर्फ रामविलास तथा अवधेश यादव के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम टेल्हुआ चकवली, थाना जहानागंज के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
