Connect with us

गोरखपुर

बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में मारपीट; 14 पर मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

घर में घुसकर हमला और जान से मारने की धमकी के आरोप, पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज किए केस

गोला थाना क्षेत्र के सहदोड़ाड़ गांव की घटना, जांच में जुटी पुलिस

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के सहदोड़ाड़ गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 29 जून की शाम करीब पांच बजे की है। एक पक्ष के धर्मप्रकाश चन्द ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपनी चाची के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान जितेंद्र चन्द ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद जितेंद्र चन्द, जटाशंकर सिंह समेत अन्य लोग लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और मारपीट की, जिससे उनके सिर, शरीर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी भी देकर चले गए। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं दूसरे पक्ष की रूबी, पत्नी विजय चन्द, ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके नौ वर्षीय बेटे का गांव के अन्य बच्चों से खेलते समय विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और विपक्षी पक्ष के लोग लोहे की रॉड तथा ईंट-पत्थर लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि मारपीट में उन्हें और उनके ससुर को चोटें आईं तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में भी पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Advertisement

थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी. पाण्डेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page