Connect with us

आजमगढ़

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजमगढ़ में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की

Published

on

Loading...
Loading...

बाबूराम कुंवर सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल, सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका : केशव प्रसाद मौर्य

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को जनपद भ्रमण पर पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर उनका डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने उपमुख्यमंत्री को जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कानून व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने जिले में विकास कार्यों की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

बाबूराम कुंवर सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान हरिऔध कला केंद्र पहुंचे, जहां श्रद्धेय बाबूराम कुंवर सिंह की 22वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने बाबूराम कुंवर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान को याद किया।

Advertisement

सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा : डिप्टी सीएम

कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण एवं नगरीय विकास सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से कार्य हो रहे हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। आमजन को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

2047 तक विकसित भारत के निर्माण में यूपी की महत्वपूर्ण भूमिका

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिसका लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

जनसहभागिता से पूरा होगा विकसित प्रदेश का संकल्प

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनहित में ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने वाली सरकार को जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिलता है। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने में जनसहभागिता की अहम भूमिका होगी।

Advertisement

इस अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर, विधायक मधुबन रामविलास चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर, कार्यक्रम संयोजक प्रवीण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page