गोरखपुर
थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
खलीलाबाद कोतवाली में भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई, राजस्व व पुलिस विभाग को समन्वय से कार्रवाई के निर्देश
संतकबीरनगर। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत कोतवाली खलीलाबाद में जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तथा सदर उपजिलाधिकारी हृदयराम तिवारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, आपसी विवाद तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना है। इसके लिए राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शिकायतों का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, हीलाहवाली अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखें, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।
इस दौरान अधिकारियों ने शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर पूर्व में दर्ज मामलों के निस्तारण की समीक्षा भी की तथा फरियादियों से फीडबैक प्राप्त किया। थाना समाधान दिवस में राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
