गोरखपुर
प्राथमिक विद्यालय में पीटीएम के बाद बवाल, प्रधानाध्यापिका पर मारपीट का लगाया आरोप
बाहरी युवक बुलाकर हमला कराने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
मिड-डे मील वितरण में अनियमितता के भी लगाए आरोप, बीएसए बोले—शिकायत मिलने पर होगी जांच
पाली। विकासखंड पाली के ग्राम सभा पट्टी धर्मदास स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को आयोजित पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) के बाद विवाद खड़ा हो गया। विद्यालय के सहायक अध्यापक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने प्रधानाध्यापिका सरोज पर बाहरी युवक बुलाकर उनके साथ मारपीट कराने, झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
डॉ. पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार, पीटीएम समाप्त होने के बाद वह अभिभावकों से बैठक का फीडबैक ले रहे थे। इसी दौरान प्रधानाध्यापिका ने इसका विरोध किया। उनका आरोप है कि कुछ देर बाद प्रधानाध्यापिका ने एक बाहरी युवक को विद्यालय परिसर में बुलाया, जिसने हेलमेट से उन पर हमला कर दिया। इस घटना में उनके सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं।
सहायक अध्यापक ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील योजना को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों को मिलने वाला दूध और फल नियमित रूप से वितरित नहीं किया जाता तथा सप्ताह में केवल एक दिन ही यह सुविधा दी जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका समय से विद्यालय नहीं आतीं और इस संबंध में सवाल उठाने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देती हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे ग्रामीण हरिश्चंद्र शर्मा, रामनगीना शर्मा, हरिकेश यादव, रामबरन प्रजापति और मेवालाल प्रजापति सहित अन्य लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय का माहौल खराब होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत प्राप्त होने पर पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
