मिर्ज़ापुर
मुख्यमंत्री के मिर्जापुर दौरे पर करणी सेना सौंपेगी मांगपत्र
जनसमस्याओं को लेकर बनाई चार समितियां
जलभराव, जर्जर सड़कें और स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच सहित कई मांगें उठेंगी
मीरजापुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की जनपद स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 8 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के मिर्जापुर आगमन पर संगठन के पदाधिकारी उनसे मुलाकात कर जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों को लेकर मांगपत्र सौंपेंगे।
बैठक में तय किया गया कि मांगपत्र में वाराणसी-औराई लिंक मार्ग स्थित नटवा पुलिस चौकी के सामने ओवरब्रिज के नीचे होने वाले जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान, शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर और खुदी हुई सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त कर सुचारु आवागमन सुनिश्चित कराने तथा स्वास्थ्य विभाग में पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी सी.एल. वर्मा पर लगाए गए कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री के आगमन मार्ग पर संगठन के पदाधिकारी सम्मानपूर्वक मांगपत्र सौंपकर जनपद की समस्याओं से अवगत कराएंगे। इसके लिए चार समितियों का गठन किया गया है। पहली समिति का नेतृत्व पूर्वांचल सचिव अभिषेक सिंह धवल, दूसरी का जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार, तीसरी का इंस्पेक्टर सिंह शिवम तथा चौथी का नगर अध्यक्ष युवराज सिंह एवं नगर उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह करेंगे।
बैठक में आयुष सिंह, विनीत सिंह, पुष्कर सिंह, अर्पित सिंह, शिवपाल सिंह, सचिन सिंह, अमित सिंह, काजू सिंह, आदर्श सिंह, धर्मजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
