मिर्ज़ापुर
सीएमओ का औचक निरीक्षण: पड़री पीएचसी से शिवगढ़ अस्पताल तक व्यवस्थाओं की जांच
ओपीडी, डिलीवरी रूम और दवा वितरण का लिया जायजा, मरीजों को मुफ्त दवा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
शिवगढ़ अस्पताल में घटिया निर्माण और अधूरे कार्य पर ठेकेदार को लगाई फटकार, कहा— मानक पूरे होने तक नहीं होगा हैंडओवर
मीरजापुर। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने रविवार शाम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री और निर्माणाधीन शिवगढ़ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पड़री पीएचसी में ओपीडी, भर्ती वार्ड, पैथोलॉजी लैब, डिलीवरी रूम और फार्मेसी की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया, जबकि शिवगढ़ अस्पताल में निर्माण कार्य में मिली खामियों पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
सीएमओ सबसे पहले पड़री पीएचसी पहुंचे, जहां उन्होंने ओपीडी में मरीजों से इलाज, डॉक्टरों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। भर्ती वार्ड में साफ-सफाई, बेड की स्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। पैथोलॉजी लैब में उपकरणों की कार्यशीलता तथा डिलीवरी रूम में स्वच्छता, आपातकालीन किट और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। फार्मेसी में दवाओं के भौतिक स्टॉक का रजिस्टर से मिलान कराया और निर्देश दिए कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए।
शिवगढ़ अस्पताल में मिलीं कई खामियां
पड़री के बाद सीएमओ शिवगढ़ स्थित नवनिर्मित अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मीटिंग हॉल, सोलर पैनल और पूरे अस्पताल परिसर का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य अधूरा और मानकों के अनुरूप नहीं मिला। अस्पताल परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई, जबकि भवन के पीछे मिट्टी भराई का कार्य भी अधूरा मिला, जिससे भविष्य में जलभराव की आशंका जताई गई।
मानक पूरे होने तक नहीं होगा हैंडओवर
निर्माण में लापरवाही देखकर सीएमओ ने ठेकेदार को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण नहीं हो जाते, तब तक अस्पताल भवन का हैंडओवर नहीं लिया जाएगा। साथ ही संबंधित अभियंताओं को जल्द से जल्द कमियों को दूर कर सुधार रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद यादव अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
